- Home
- Chhattisgarh
- ▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…
▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…

▪️
भिलाई इस्पात संयंत्र के सीएसआर एवं एम एंड एचएस विभाग द्वारा ‘मिशन लक्ष्मी’ स्त्री-रोग स्वास्थ्य शिविर का आयोजन : शिविर का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी [एम एंड एचएस] डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर ने किया


भिलाई इस्पात संयंत्र के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) विभाग और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं विभाग के अंतर्गत जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र के सहयोग से शासकीय डॉ. वामन वासुदेव पाटणकर गर्ल्स पीजी कॉलेज, दुर्ग में 15वां ‘मिशन लक्ष्मी’ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया। महिलाओं, एवं किशोरियों में स्वास्थ्य जागरूकता को प्रोत्साहित करने हेतु आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया और उन्हें व्यापक चिकित्सा परामर्श, निदान सेवाएं एवं स्वास्थ्य शिक्षा का लाभ मिला।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एम एंड एचएस) डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर द्वारा शिविर का शुभारंभ किया गया, जो विशेष रूप से किशोरावस्था की छात्राओं पर केंद्रित रहा। पूरे दिन जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य जांच, निदान सेवाएं और परामर्श प्रदान किया। शिविर में हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, ब्लड ग्रुप, सिकलिंग और पीएपी स्मीयर जैसी जांचें की गईं। कुल 85 हीमोग्लोबिन टेस्ट, 30 सिकलिंग टेस्ट, 25 ब्लड ग्रुप टेस्ट और 10 पीएपी स्मीयर सैंपल लिए गए। छात्राओं को तत्काल निदान और चिकित्सकीय उपचार भी उपलब्ध कराया गया।
चिकित्सीय सेवाओं के साथ-साथ, शिविर में किशोरियों एवं महिलाओं की आवश्यक स्वास्थ्य जरूरतों पर जागरूकता सत्र भी आयोजित किए गए। इसी अवसर पर विश्व स्तनपान सप्ताह भी मनाया गया, जहां चीफ कंसल्टेंट (पीडियाट्रिक्स) डॉ. सुभास्मिता पटनायक ने स्तनपान के शिशु, माता, परिवार और समाज के लिए लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। छात्राओं में सहभागिता और जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए एएम (इमरजेंसी सर्विसेज) सुश्री लता मिश्रा के समन्वय में स्वास्थ्य क्विज़ आयोजित किया गया, जिसमें सक्रिय सहभागिता रही और सही उत्तर देने वाली छात्राओं को 25 पुरस्कार वितरित किए गए।
शिविर की सफलता में अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (पीडियाट्रिक्स) डॉ. सम्बिता पांडा, चीफ कंसल्टेंट (पीडियाट्रिक्स) डॉ. सुभस्मिता पटनायक, एमओ (ओबीजी) डॉ. स्वाति शुक्ला, डीएनबी (ओबीजी) डॉ. सोनालिका, एएम (इमरजेंसी सर्विसेज) सुश्री लता मिश्रा, डायटिशियन सुश्री परोमिता दासगुप्ता, एएम (ओबीजी) सुश्री शशि सिंह, तकनीशियन सुश्री गुंजन एवं सुश्री अनुकृति तथा असिस्टेंट सुश्री सरिता चौधरी सहित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय, भिलाई की समर्पित टीम का योगदान रहा, जिन्होंने पूरे दिन छात्राओं, शिक्षकों और स्टाफ को विशेषज्ञ परामर्श व चिकित्सा सेवाएं प्रदान की.


शिविर के सुचारू संचालन और योजनाबद्ध क्रियान्वयन हेतु कार्यपालक निदेशक (एम एंड एचएस) डॉ. रवींद्रनाथ एम ने मार्गदर्शन दिया। इस आयोजन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनिता द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एम एंड एचएस) डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सौरव मुखर्जी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदय कुमार, महाप्रबंधक (सीएसआर) श्री शिवराजन नायर और उप महाप्रबंधक (सीएसआर) सुश्री अपर्णा चंद्रा ने सक्रिय भूमिका निभाई। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रंजना श्रीवास्तव, डॉ. रेश्मा लेकस तथा कॉलेज के संकाय सदस्यों और छात्राओं के सहयोग से यह शिविर अत्यंत सफल रहा।
▪️
भिलाई इस्पात संयंत्र के एसएमएस-3 ने आरईडी के सहयोग से स्टील लेडल लाइफ में रचा इतिहास : कार्यपालक निदेशक [संकार्य] राकेश कुमार ने इस प्रदर्शन की सराहना की

भिलाई इस्पात संयंत्र के स्टील मेल्टिंग शॉप-3 (एसएमएस-3) ने तकनीकी दक्षता, अनुशासित कार्यप्रणाली और उत्कृष्ट टीम वर्क का परिचय देते हुए स्टील लेडल लाइफ में नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। स्टील लेडल क्रमांक-09 ने 119 हीट पूरी कर 19,955 टन इस्पात उत्पादन में योगदान दिया, जो पूर्व में दर्ज 116 हीट के रिकॉर्ड को पार करता है।
यह ऐतिहासिक अभियान 3 जून 2025 से प्रारंभ हुआ, जब लेडल-09 ने अपनी पहली हीट ली। प्रत्येक हीट के पश्चात लेडल का निरीक्षण और निगरानी लेडल बे ऑपरेशन टीम तथा रिफ्रैक्टरी इंजीनियरिंग विभाग (आरईडी) के विशेषज्ञ प्रतिनिधियों द्वारा 24 घंटे की ड्यूटी पर किया गया। इन्तेर्मीडिएट मेंटेनेंस के दौरान विशेष रूप से लेडल के बॉटम, मेटल जोन और स्लैग जोन का बारीकी से परीक्षण और आवश्यक मरम्मत की गई। इस सतर्क पर्यवेक्षण और तकनीकी अनुशासन ने लेडल की सतत उपलब्धता सुनिश्चित की, इस्पात उत्पादन में कोई बाधा नहीं आने दी और पूरे अभियान के दौरान लेडल बे की स्वस्थ फ्लीट बनाए रखी।
कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार ने इस प्रदर्शन की सराहना करते हुए दोनों विभागों की टीम को बधाई दी और निरंतर सफलता के नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इस अवसर पर जोर दिया कि “सुरक्षा हर सफलता की नींव है और यह हमारी सभी उपलब्धियों में सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहनी चाहिए।”
यह उपलब्धि मुख्य महाप्रबंधक (आरईडी) श्री प्रोसेन्\जीत दास और मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस-3) श्री त्रिभुवन बैठा के सतत मार्गदर्शन में संभव हुई। अभियान की सफलता में वरिष्ठ अधिकारियों और तकनीकी दलों का सामूहिक योगदान रहा, जिनमें महाप्रबंधक (एसएमएस-3) श्री डी.एल. कुमार एवं श्री एच.बी. मलिक, सेक्शन इंचार्ज (एसएमएस-3, आरईडी) श्री मोहम्मद साबिर, लेडल बे इंचार्ज श्री जावेद अंसारी, श्री जे.एल. मारकंडे तथा विभागीय टीमों का विशेष योगदान रहा।
▪️
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से भिलाई स्टील प्लांट के नवनियुक्त निदेशक चितरंजन महापात्र ने की सौजन्य मुलाकात

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में भिलाई स्टील प्लांट के नवनियुक्त निदेशक श्री चित्त रंजन महापात्र ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर श्री महापात्र ने मुख्यमंत्री श्री साय को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने श्री महापात्र को उनकी नवीन पदस्थापना पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी.

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आशा व्यक्त की कि भिलाई स्टील प्लांट प्रदेश के विकास में प्रभावी योगदान देता रहेगा। निदेशक प्रभारी ने मुख्यमंत्री महोदय से भिलाई इस्पात संयंत्र के विस्तारिकरण में सहयोग देने का अनुरोध किया. साथ में श्री पवन कुमार कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) एवं संयंत्र के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.
🟥🟥🟥
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)