- Home
- Chhattisgarh
- ▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…
▪️ छत्तीसगढ़ आसपास ▪️ संयंत्र की खबरें…

▪️
भिलाई इस्पात संयंत्र में कस्टमर मीट समारोह : पारदर्शिता, डिजिटलीकरण एवं नैतिक व्यावसायिक प्रथाओं पर जोर : समारोह का औपचारिक उद्घाटन कार्यपालक निदेशक [सामग्री प्रबंधन] एके चक्रवर्ती ने किया


सतर्कता जागरुकता सप्ताह के उपलक्ष्य में, सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के विपणन एवं व्यवसाय नियोजन विभाग (एम एंड बीपी) द्वारा 19 सितंबर, 2025 को इस्पात भवन स्थित एम एंड बीपी सभागार में एक कस्टमर मीट समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डिफेक्टिव स्टील स्क्रैप, स्लैग, कोल केमिकल्स, पिग आयरन और कमर्शियल रेल के ग्राहकों एवं खरीदारों के साथ-साथ संयंत्र के सतर्कता, वित्त, सुरक्षा, सी एंड आईटी, एमआरडी एवं अन्य संरक्षक विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
समारोह का औपचारिक उद्घाटन कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री ए. के. चक्रवर्ती द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में सभी व्यावसायिक लेन-देन में पारदर्शिता, सत्यनिष्ठा और वैधानिक आवश्यकताओं के पालन पर बल देते हुए ग्राहकों के साथ संबंध प्रबंधन को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया।
मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं एसीवीओ श्री सुनील सिंघल ने सतर्कता विभाग की कार्यप्रणाली, रिश्वत-विरोधी प्रबंधन प्रणाली (एबीएमएस) तथा 18 अगस्त से 17 नवंबर 2025 तक चल रहे तीन माह के अभियान के अंतर्गत की जा रही पहलों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के प्रारंभ में, मुख्य महाप्रबंधक (एम एंड बीपी) श्री पी. सुब्बा राव ने प्रतिभागियों का स्वागत किया। इसके बाद सतर्कता विभाग द्वारा शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर विपणन विभाग ने सेकेंडरी सेल्स को अधिकतम करने हेतु की जा रही गतिविधियों का अवलोकन प्रस्तुत किया और दैनिक कार्यों में आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की। ग्राहकों से संयंत्र के साथ सभी व्यावसायिक लेन-देन में पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को बनाए रखने का आह्वान किया गया।
मेटल जंक्शन द्वारा अपनी भूमिकाओं एवं जिम्मेदारियों पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। साथ ही, हितधारकों की जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एबीएमएस पर भी एक प्रस्तुति प्रस्तुत की गई।
सत्र के दौरान प्रतिभागियों को बीएसपी की प्रणालियों में हुए नवीनतम सुधारों की जानकारी दी गई, जिनमें डिलीवरी ऑर्डर का डिजिटलीकरण, ग्राहकों को डीओ स्थिति पर नज़र रखने हेतु मोबाइल ऐप तथा सी एंड आईटी विभाग द्वारा वीएएनएस के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान प्रणाली शामिल थी। इसके उपरांत एक खुला संवाद सत्र हुआ, जिसमें ग्राहकों की जिज्ञासाओं व सुझावों पर विचार किया गया।


कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन महाप्रबंधक (विपणन) श्री जे. रथ द्वारा किया गया। इसका समन्वय महाप्रबंधक (विपणन) सुश्री चैताली दास और उनकी टीम ने किया तथा संचालन सहायक प्रबंधक (विपणन) श्री मयंक कुमार कर्महे ने किया।
▪️
भिलाई महिला समाज में दोना- पत्तल निर्माण यूनिट का हुआ शुभारंभ : मशीन का उद्घाटन भिलाई महिला समाज की कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती स्मिता गिरी ने किया


“भिलाई की अग्रणी सामाजिक संस्था ‘भिलाई महिला समाज’ ने विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर महिला स्वावलंबन को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए दोना–पत्तल निर्माण की नई यूनिट का शुभारंभ बीएमएस सेक्टर-1 में किया। मशीन का उद्घाटन भिलाई महिला समाज की कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती स्मिता गिरी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सार्थक साबित होगी। प्लास्टिक डिस्पोजल के स्थान पर इको–फ्रेंडली दोना–पत्तल का उपयोग समाज में जागरूकता लाएगा।
इस अवसर पर भिलाई महिला समाज की सभी उपाध्यक्ष श्रीमती प्रणोति मुखोपाध्याय, श्रीमती मौली चक्रवर्ती, श्रीमती छवि निगम, श्रीमती पूनम कुमार, श्रीमती रेणुका रविंद्रनाथ, महासचिव श्रीमती सोनाली रथ, सह सचिव श्रीमती चैती पाल, कोषाध्यक्ष श्रीमती शिखा जैन, सह कोषाध्यक्ष श्रीमती रीता तिवारी, वर्किंग कमेटी सदस्य श्रीमती रूखसाना शेख, श्रीमती सपना सोनी, श्रीमती सुषमा सलवटकर, श्रीमती लक्ष्मी पटेल, श्रीमती बबीता सिंह, श्रीमती रागिनी शर्मा, श्रीमती सुधा शर्मा सहित भिलाई महिला समाज की कार्यकारी टीम तथा बड़ी संख्या में महिला समाज के सदस्यों की भी उपस्थिति रही।

समारोह में उपस्थित सभी सदस्यों ने यह विश्वास व्यक्त किया कि महिला समाज भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक कार्यों के माध्यम से प्रगति के नए आयाम छूता रहेगा।
▪️
बीएसपी की प्लेट मिल में डिस्पैच एफिशिएंसी पर केंद्रित ‘समाधान’ परफॉरमेंस इंप्रूवमेंट वर्कशॉप आयोजित : कार्यशाला के मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक [एमडब्ल्यूआरएम] एमके गोयल थे : विशिष्ट अतिथि महाप्रबंधक [पीपीसी] प्रवीण राय भल्ला, मुख्य महाप्रबंधक [आरसीएल] राहुल श्रीवास्तव और महाप्रबंधक प्रभारी [टीएंडडी] गोपीनाथ मलिक उपस्थित थे


सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन- ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग द्वारा 20 सितम्बर 2025 को मानव संसाधन विकास केन्द्र में “बिना विलंब शुल्क (पेनाल्टी) के 5000 टन से अधिक दैनिक प्लेटों की डिस्पैच प्राप्ति” विषय पर एक परफॉरमेंस इम्प्रूवमेंट वर्कशॉप (पीआईडब्ल्यू) का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला अंतर-विभागीय सहयोग और व्यावहारिक, परिणाम-उन्मुख हस्तक्षेपों पर चल रही “समाधान” श्रृंखला का हिस्सा थी।
इस कार्यशाला के मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक (एमडब्ल्यूआरएम) श्री एम. के. गोयल थे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य महाप्रबंधक (पीपीसी) श्री प्रवीण राय भल्ला, मुख्य महाप्रबंधक (आरसीएल) श्री राहुल श्रीवास्तव तथा महाप्रबंधक प्रभारी (टीएंडडी) श्री गोपीनाथ मलिक उपस्थित रहे।
इस कार्यशाला में प्लेट मिल, टी एंड डी, आरसीएल, पीपीसी, विपणन, डिस्पैच कोआर्डिनेशन,मार्केटिंग तथा एसआरएम/सीएमओ-भिलाई कार्यालय सहित विभिन्न विभागों से कुल 33 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इन्हें अलग-अलग सिंडिकेट समूहों में विभाजित कर समय पर डिस्पैच में आने वाली चुनौतियों जैसे रेक रिटेंशन समय, शिपिंग यार्ड में जगह की कमी, प्लेट डेटा में विसंगतियां, प्लेटों की विविधता, विशेष प्लेटों का प्रोसेसिंग, आरडीएसओ द्वारा नए स्ट्रैपिंग नियम और वैगन-संबंधी एडजस्टमेंट पर विचार-विमर्श कराया गया।
अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि श्री एम. के. गोयल ने विश्वास व्यक्त किया कि कर्मचारियों की सामूहिक प्रतिबद्धता और प्रयासों से 5000 टन दैनिक प्रेषण का लक्ष्य अवश्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने स्मरण कराया कि पूर्व में भी प्लेट मिल ने इससे बड़े लक्ष्यों को पार किया है।
श्री प्रवीण राय भल्ला ने कहा कि सामूहिक प्रयासों व चिंतन से हर चुनौती का समाधान निकलता है और इस कार्यशाला में प्रतिभागियों की विशेषज्ञता इस नए लक्ष्य प्राप्ति का समाधान निकाल लेगी। वहीँ श्री राहुल श्रीवास्तव ने प्रेषण को संयंत्र संचालन का महत्वपूर्ण पहलू बताते हुए कहा कि इसे टीमवर्क से ही प्रभावी ढंग से सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने अपने अनुभवों के आधार पर प्रतिभागियों को कार्यशाला के दौरान समाधान खोजने में सफलता की शुभकामनाएं दीं। साथ ही श्री गोपीनाथ मलिक ने बताया कि पिछले वर्ष 4000 टन प्रतिदिन का प्रेषण लक्ष्य निरंतर सुधार और संकल्प से सफलतापूर्वक हासिल किया गया था और इस वर्ष कार्यशाला में विकसित रणनीतियों से 5000 टन प्रेषण का लक्ष्य भी संभव है।
कार्यशाला की शुरुआत महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन- ज्ञानार्जन एवं विकास) श्री संजीव श्रीवास्तव के स्वागत उद्बोधन से हुई। कार्यशाला का संचालन एवं समन्वयन तथा धन्यवाद ज्ञापन महाप्रबंधक (मानव संसाधन- ज्ञानार्जन एवं विकास) श्री. मुकुल सहारिया ने किया।
समापन सत्र में सिंडिकेट समूहों द्वारा प्रस्तुतियाँ दी गईं और प्रतिभागियों के बीच खुली चर्चा हुई। मुख्य अतिथि श्री गोयल ने समापन भाषण में व्यवस्थित योजना और सामूहिक समस्या-समाधान पर बल दिया।
पीआईडब्ल्यू से प्राप्त विचार-विमर्श और सुझावों से प्लेट मिल के डिस्पैच प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार होने और वर्ष 2025-26 में भिलाई इस्पात संयंत्र के उत्पादन एवं डिस्पैच लक्ष्यों की प्राप्ति में महत्वपूर्ण योगदान की उम्मीद है।
▪️
बीएसपी-सीएसआर द्वारा ग्राम-कमकासुर में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन


सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के दुल्की माइंस के सीएसआर के अंतर्गत ग्राम-कमकासुर में 19 सितम्बर, 2025 को निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। प्रातः 10 बजे से प्रारंभ हुए शिविर में लोगों की सामान्य जांच के साथ ही शुगर, बीपी आदि की निःशुल्क दवाएं भी प्रदान की गई। कुल 59 लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराकर शिविर का लाभ उठाया।
भिलाई इस्पात संयंत्र अपने आस-पास के परिधीय क्षेत्रों में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य की निःशुल्क सुविधा काफी लंबे समय से उपलब्ध कराता आ रहा है। इसका उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्र में रहने वाले लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। भिलाई इस्पात संयंत्र के सीएसआर विभाग द्वारा, सामाजिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन करते हुए निरन्तर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन संयंत्र के परिधीय तथा खनिज क्षेत्रों में किया जा रहा है।
🟥🟥🟥
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)