- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- छत्तीसगढ़ में आज और झेलना होगा लू का टॉर्चर, कल से मिलेगी राहत; 2 से 4 डिग्री तक लुढ़केगा तापमान
छत्तीसगढ़ में आज और झेलना होगा लू का टॉर्चर, कल से मिलेगी राहत; 2 से 4 डिग्री तक लुढ़केगा तापमान

रायपुर। प्रदेश में नौतपा के दौरान भीषण गर्मी और लू का प्रकोप गुरुवार तक और झेलना पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होने वाला है। मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में एक-दो स्थानों पर लू चलेगी। बुधवार को दुर्ग 45.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश में सबसे गर्म जिला रहा, जबकि रायपुर में भी पारा 43.6 डिग्री दर्ज किया गया। बुधवार दोपहर तेज हवा के साथ बारिश भी हुई, लेकिन लोगों को गर्मी से कोई राहत नहीं मिली।
रायपुर में गुरुवार को भी लू चलने की संभावना है, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक 29 मई से तपती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि अगले तीन दिनों में पारे में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में आगे बढ़ा मानसून
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने भले ही केरलम में अपेक्षित तिथि 26 मई को दस्तक नहीं दी, लेकिन यह दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के कुछ और हिस्सों, लक्षद्वीप व बंगाल की खाड़ी में और आगे बढ़ गया है। मौसम विभाग ने पहले यह अनुमान लगाया था कि मानसून 26 मई को केरलम पहुंच जाएगा। हालांकि इसके साथ ही यह भी कहा था कि मानसून के दस्तक देने में चार दिन की जल्दी या देरी हो सकती है।
40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से चलेगा अंधड़
मौसमी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव के कारण 29 मई से समूचे प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा। हवाओं में नमी आने के कारण मेघ गर्जन के साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने, आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने और वर्षा की गतिविधियों में भारी बढ़ोतरी की संभावना है। इस आंधी-बारिश के दौर से झुलसाने वाली गर्मी पर लगाम लगेगी और लोगों को नौतपा की तपिश से बड़ी राहत मिल सकेगी।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)