- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए खुशखबरी: CM साय ने दिल्ली में जेपी नड्डा से की मुलाकात, प्रदेश के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए खुशखबरी: CM साय ने दिल्ली में जेपी नड्डा से की मुलाकात, प्रदेश के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री श्री जेपी नड्डा से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राज्य के जनस्वास्थ्य, चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, औषधि एवं उर्वरक क्षेत्र सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर मुख्यमंत्री ने दी जानकारी
बैठक में मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता दूरस्थ, ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राज्य में अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य चिकित्सा संस्थानों को मजबूत किया जा रहा है, ताकि लोगों को बेहतर इलाज और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं अपने राज्य में ही उपलब्ध हो सकें।
किसानों के हित में खाद और बीज उपलब्धता पर चर्चा
मुलाकात के दौरान कृषि और उर्वरक क्षेत्र से जुड़े विषयों पर भी बातचीत हुई। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि राज्य सरकार किसानों को खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी कर रही है।
उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए किसानों को आवश्यक कृषि आदान समय पर उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। सरकार का प्रयास है कि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्ती के निर्देश
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि खाद वितरण व्यवस्था पर लगातार नजर रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी या किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके साथ ही गांव-गांव अभियान चलाकर किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देने और नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
नैनो यूरिया और नैनो डीएपी को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार खेती में नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा दे रही है। इसके लिए किसानों को इनके फायदे समझाने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन तकनीकों के उपयोग से कृषि उत्पादन क्षमता बढ़ाने, लागत कम करने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने में मदद मिलेगी।
केंद्र और राज्य के बेहतर समन्वय पर जोर
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भारत सरकार के सहयोग से स्वास्थ्य, कृषि और जनकल्याण के क्षेत्रों में विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य के समग्र विकास के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर तालमेल को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
वहीं केंद्रीय मंत्री श्री जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, किसानों के हित में उठाए जा रहे कदमों और जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की। उन्होंने स्वास्थ्य एवं अन्य विकासात्मक क्षेत्रों में केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)