- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर, 1 सितंबर से शुरू होगी eKYC, नाम गलत हुआ तो अटक जाएगा सत्यापन
छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर, 1 सितंबर से शुरू होगी eKYC, नाम गलत हुआ तो अटक जाएगा सत्यापन

CG Electricity Connection eKYC: छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी (eKYC) की प्रक्रिया 1 सितंबर से शुरू होने जा रही है। खास बात यह है कि इसका दायरा सिर्फ घरेलू बिजली कनेक्शनों तक सीमित नहीं रहेगा। गैर-घरेलू, कृषि, औद्योगिक, सड़क बत्ती और नलजल समेत बिजली कनेक्शन की सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी करानी होगी।
ई-केवाईसी के दौरान उपभोक्ता की पहचान और बिजली कनेक्शन से जुड़ी जानकारी का आधार के जरिए सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए बिजली कंपनी के रिकॉर्ड में दर्ज नाम और आधार कार्ड में मौजूद नाम का पूरी तरह मिलान होना जरूरी है। नाम में किसी तरह का अंतर होने पर प्रमाणीकरण सफल नहीं होगा।
नाम में गलती है तो पहले कराएं सुधार
अगर बिजली कनेक्शन के रिकॉर्ड और आधार कार्ड में नाम अलग-अलग दर्ज है, तो उपभोक्ता को पहले बिजली कंपनी के अभिलेख में सुधार कराना होगा। वर्तनी की गलती, पूरा नाम अलग होना, उपनाम में अंतर या नाम परिवर्तन जैसी स्थिति में पहले रिकॉर्ड दुरुस्त कराना जरूरी होगा। इसके बाद ही ई-केवाईसी पूरी हो सकेगी।
घर बैठे मोर बिजली एप से होगी ई-केवाईसी
उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि ई-केवाईसी कराने के लिए हर किसी को बिजली कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी। उपभोक्ता मोर बिजली एप के जरिए घर बैठे आधार प्रमाणीकरण कर सकेंगे। ऑनलाइन प्रक्रिया में परेशानी होने पर संबंधित वितरण केंद्र या जोन कार्यालय में जाकर भी ई-केवाईसी कराई जा सकेगी।
मीटर रीडर भी करेंगे मदद
बिजली कंपनी ने ई-केवाईसी की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए मीटर रीडरों को भी उपभोक्ताओं से संपर्क कर सहयोग करने के निर्देश दिए हैं। कार्यालयों में अधिकृत कर्मचारी प्रकाश एप के ई-केवाईसी पोर्टल के माध्यम से उपभोक्ताओं का सत्यापन करेंगे।
ई-केवाईसी के लिए नहीं देना होगा कोई शुल्क
ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क रहेगी। बिजली कंपनी इसके लिए उपभोक्ताओं से कोई शुल्क नहीं लेगी। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति ई-केवाईसी के नाम पर पैसे मांगता है तो उपभोक्ताओं को सावधान रहने की जरूरत है।
आधार की जानकारी साझा करते समय रहें सावधान
उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे आधार से जुड़ी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। ई-केवाईसी केवल बिजली कंपनी द्वारा निर्धारित आधिकारिक माध्यम से ही कराएं। प्रक्रिया शुरू होने से पहले आधार कार्ड और बिजली कनेक्शन के रिकॉर्ड में दर्ज नाम की जांच कर लेना सबसे जरूरी है।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)