- Home
- Chhattisgarh
- भारत विकास परिषद् दुर्ग इकाई को मिला ऊर्जावान ने तृत्व : तुलसी सोनी के हाथों में संगठन की नई कमान
भारत विकास परिषद् दुर्ग इकाई को मिला ऊर्जावान ने तृत्व : तुलसी सोनी के हाथों में संगठन की नई कमान

• छत्तीसगढ़ आसपास
• दुर्ग
राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और सांस्कृतिक जागरण के संकल्प को लेकर कार्यरत भारत विकास परिषद, दुर्ग इकाई के नवीन अध्यक्ष के रूप में श्री तुलसी सोनी ने दायित्व ग्रहण कर संगठन के इतिहास में एक नए अध्याय का शुभारंभ किया है। होटल वृंदावन, दुर्ग में आयोजित भव्य दायित्व ग्रहण समारोह में प्रांताध्यक्ष श्री विनोद अग्रवाल एवं प्रांत महासचिव श्री मुरारी काबरा की गरिमामयी उपस्थिति में नई कार्यकारिणी ने पद एवं दायित्व ग्रहण किया।
समारोह में समाज, शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्री तुलसी सोनी को अध्यक्ष, श्रीमती लक्ष्मी वर्मा को सचिव तथा श्री आशीष शर्मा को कोषाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया।
भारत विकास परिषद का जन्म 1963 में भारत-चीन युद्ध के पश्चात राष्ट्र पुनर्निर्माण की भावना से हुआ था। आज देशभर में इसकी दो हजार से अधिक शाखाएँ एवं लगभग दो लाख सदस्य राष्ट्र सेवा के कार्यों में संलग्न हैं। परिषद का ध्येय वाक्य “स्वस्थ, समर्थ एवं संस्कारित भारत” तथा मूल मंत्र “संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा एवं समर्पण” है। इसी विचारधारा को लेकर दुर्ग इकाई पिछले छह वर्षों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए कार्यरत है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री तुलसी सोनी का व्यक्तित्व केवल एक सफल चार्टर्ड अकाउंटेंट तक सीमित नहीं है। वे बहुमुखी प्रतिभा के धनी, कुशल संगठनकर्ता, उत्कृष्ट मंच संचालक, समाजसेवी एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रखर संवाहक के रूप में जाने जाते हैं। अत्यंत व्यस्त व्यावसायिक जीवन के बावजूद समाज और राष्ट्रहित के कार्यों के लिए समय निकालना उनकी विशेष पहचान है।
श्री सोनी ने वर्षों से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक, सामाजिक एवं खेल गतिविधियों को नई दिशा देने का कार्य किया है। छत्तीसगढ़ मंच के माध्यम से उन्होंने अनेक उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया। पुराना बस स्टैंड दुर्ग में वर्षभर संगीत कार्यक्रमों का आयोजन कर उन्होंने स्थानीय कलाकारों को पहचान दिलाने का कार्य किया। जिला शतरंज संघ दुर्ग के माध्यम से जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विश्व सैक्सोफोन दिवस जैसे अभिनव आयोजनों को जन-जन तक पहुँचाने में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।
दायित्व ग्रहण के अवसर पर श्री तुलसी सोनी ने आगामी सत्र के लिए अनेक महत्वाकांक्षी योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने वृक्षारोपण अभियान, गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम, सिकल सेल जागरूकता अभियान, रक्तदान शिविर एवं गुरु तेग बहादुर जयंती पर विशेष कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने की बात कही। साथ ही उन्होंने राष्ट्र के प्रखर वक्ता एवं राज्यसभा सांसद श्री सुधांशु त्रिवेदी तथा आचार्य प्रमोद कृष्णम जैसे राष्ट्रीय स्तर के विचारकों के व्याख्यान दुर्ग में आयोजित कराने का संकल्प व्यक्त किया, जिससे युवाओं में राष्ट्रभक्ति, संस्कृति एवं सामाजिक चेतना का विस्तार हो सके।
अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद केवल एक संगठन नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक व्यापक अभियान है। परिषद का प्रत्येक सदस्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन का वाहक है और आने वाले वर्षों में दुर्ग इकाई सेवा, संस्कार एवं सामाजिक जागरण के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ स्थापित करेगी।
समारोह में उपस्थित वरिष्ठजनों ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री तुलसी सोनी के नेतृत्व में भारत विकास परिषद, दुर्ग नई ऊर्जा, नए विचार और नई कार्यशैली के साथ आगे बढ़ेगी। उनकी संगठन क्षमता, सकारात्मक सोच और जनसंपर्क कौशल परिषद को जिले की अग्रणी सामाजिक संस्थाओं में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
आज जब समाज को संस्कार, सेवा और सामाजिक समरसता की आवश्यकता है, ऐसे समय में तुलसी सोनी जैसे ऊर्जावान नेतृत्व का आगे आना न केवल भारत विकास परिषद के लिए बल्कि पूरे दुर्ग जिले के लिए आशा और विश्वास का विषय है। समाज को अपेक्षा है कि उनके नेतृत्व में परिषद सेवा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी तथा दुर्ग जिले में जनहित के अनेक अभिनव कार्यों के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान बनाएगी।
भारत विकास परिषद का यह नया अध्याय केवल दायित्व परिवर्तन नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और राष्ट्र समर्पण के एक नए युग का शुभारंभ माना जा रहा है।

[ • समाचार प्रेषण : कैलाश जैन बरमेचा ]
🟥🟥🟥
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)