साणंद में भारत के तीसरे सेमीकंडक्टर प्लांट का उद्घाटन: पीएम मोदी बोले- ‘भारत जो ठान लेता है, करके दिखाता है’

भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर हब बनाने की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के साणंद में CG Semi Outsourced Semiconductor Assembly and Test (OSAT) Facility का उद्घाटन किया। इसके साथ ही देश के तीसरे सेमीकंडक्टर प्लांट में चिप पैकेजिंग का व्यावसायिक उत्पादन (Commercial Production) आधिकारिक रूप से शुरू हो गया।
‘भारत जो ठान लेता है, उसे पूरा करके दिखाता है’
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह परियोजना भारत के आत्मविश्वास और तकनीकी क्षमता का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “पांच साल पहले हमने भारत को सेमीकंडक्टर हब बनाने का संकल्प लिया था। आज ‘डिजाइन इन इंडिया’ और ‘मेक इन इंडिया’ के विजन को नई ताकत मिल रही है। भारत जो ठान लेता है, उसे पूरा करके दिखाता है।”
शिलान्यास से प्रोडक्शन तक महज डेढ़ साल का सफर
प्रधानमंत्री ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2024 में इस प्लांट का शिलान्यास किया था। अगस्त 2025 में यहां टेस्टिंग चिप का कार्य शुरू हुआ और अब इसका व्यावसायिक उत्पादन शुरू हो गया है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय परियोजना से जुड़े सभी इंजीनियरों, तकनीकी विशेषज्ञों और कर्मचारियों को दिया।
भारत-जापान-थाईलैंड की साझेदारी का मॉडल
पीएम मोदी ने कहा कि CG Semi का यह प्लांट केवल एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि भारत, जापान और थाईलैंड के बीच तकनीक, विश्वास और रणनीतिक साझेदारी का मजबूत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह भारत की सेमीकंडक्टर यात्रा को नई गति देगा और वैश्विक सप्लाई चेन में देश की भूमिका को मजबूत करेगा।
हर साल 20 करोड़ चिप का उत्पादन, लक्ष्य 500 करोड़
प्रधानमंत्री ने जानकारी दी कि इस प्लांट से शुरुआती चरण में हर वर्ष 20 करोड़ चिप का उत्पादन होगा। कंपनी ने भविष्य में इसे बढ़ाकर 500 करोड़ चिप प्रतिवर्ष करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह लक्ष्य जल्द ही हासिल किया जाएगा और Semicon India Programme को इससे नई रफ्तार मिलेगी।
इलेक्ट्रॉनिक्स क्रांति का अगला चरण: सेमीकंडक्टर
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में सेमीकंडक्टर उद्योग का विस्तार अचानक नहीं हुआ, बल्कि पिछले एक दशक में आई इलेक्ट्रॉनिक्स क्रांति का अगला चरण है। उन्होंने कहा, “पहले प्रोडक्ट, फिर कंपोनेंट्स और अब सेमीकंडक्टर—भारत इलेक्ट्रॉनिक्स की पूरी वैल्यू चेन विकसित कर रहा है। यही विकसित भारत और मेक इन इंडिया का अगला चरण है।”
भारत बना दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता और दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्यातक बन चुका है। उन्होंने बताया कि 2014 की तुलना में देश का इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन लगभग 7 गुना, जबकि इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात 11 गुना बढ़ चुका है। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर क्षेत्र में यह नई उपलब्धि भारत को वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स और हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)