- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- महादेव सट्टा कांड में अब शराब दुकानों की एंट्री, अब वाइन शॉप के स्कैनर से सट्टे का खेल, पढ़िए पूरी खबर
महादेव सट्टा कांड में अब शराब दुकानों की एंट्री, अब वाइन शॉप के स्कैनर से सट्टे का खेल, पढ़िए पूरी खबर

Mahadev Satta Case: देश के बहुचर्चित महादेव सट्टा कांड में भले ही मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन अभी भी खेल बदस्तूर जारी है। अब तो सट्टेबाजी के नए पैंतरे इजात कर लिए गए हैं। अब शराब दुकानों के स्कैनर के जरिए पेमेंट की सुविधा सट्टेबाजों को दी जा रही है।
दरअसल, क्यूआर कोड के जरिए ज्यादा पेमेंट होने से उसे संदिग्ध रिपोर्ट कर लिया जाता है और इसके बाद उसमें पेमेंट ही बंद हो जाता है। इस समस्या का हल भी अब सट्टेबाजों ने ढूंढ़ लिया है। अब शराब दुकानों के क्यूआर कोड के जरिए पेमेंट लिया जा रहा है। ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध स्थिति न बने और आसानी से पेमेंट लिया जा सके। टीआरपी की पड़ताल में सामने आया कि पहले जहां तीन से चार क्यूआर कोड के ऑप्शन पेमेंट के लिए दिए जाते थे, उसे अब कम कर दिया गया है। इसके बदले सिर्फ एक ही डिपॉजिट का ऑप्शन सट्टेबाजों को दिया जा रहा है, जो कि शराब दुकान का क्यूआर कोड है। इसके जरिए सिर्फ एक ही अकाउंट के माध्यम से आसानी से पेमेंट लिया जा रहा है।
300 रुपए से 50 हजार तक पेमेंट
आईडी रीचार्ज करने के लिए 300 रुपए से लेकर 5 हजार रुपए तक डिपॉजिट का ऑप्शन सट्टेबाजों की ओर से दिया जा रहा है। वहीं, नई आईडी के लिए भी बकायदा एडवरटाइजमेंट भी दिया जा रहा है। जिसमें सिर्फ एक नंबर पर मैसेज मात्र करने से आसानी से आईडी चंद मिनटों में ही बन जाती है और इसके बाद बड़ी ही आसानी से कोई भी बेट लगाया जा सकता है।
सौरभ चंद्राकर को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा
पांच दिन की ईडी रिमांड पूरी होने के बाद सौरभ चंद्राकर को गुरुवार को रायपुर की विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया। ईडी ने उससे आगे पूछताछ के लिए रिमांड बढ़ाने की मांग नहीं की। इसके बाद अदालत ने उसे 14 दिन के लिए न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। न्यायालय के आदेश के अनुसार, सौरभ दो दिसंबर तक जेल में रहेगा।
सीबीआई जांच में पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा मामला
महादेव सट्टा नेटवर्क की जांच अब पुलिस अधिकारियों की भूमिका तक पहुंच गई है। नेटवर्क के आरोपितों को कथित संरक्षण देने के बदले बड़ी रकम लेने के आरोपों की पड़ताल की जा रही है। इस सिलसिले में अधिकारियों को पूछताछ के लिए दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय बुलाया गया है। मामले में आईपीएस और एडिशनल एसपी स्तर के अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है।
मामले में फरार शुभम सोनी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी है और जांच एजेंसियां उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही हैं। शुभम सोनी ने महादेव सट्टा एप के संचालन की जिम्मेदारी खुद लेने का दावा किया था। इसी आधार पर सौरभ चंद्राकर ने भी खुद को एप का प्रमोटर होने से इनकार किया था। जांच एजेंसियां अब दोनों के दावों और नेटवर्क में उनकी वास्तविक भूमिका की जांच कर रही हैं।
अनिल अग्रवाल और विशाल आहुजा पर भी ईडी का शिकंजा
महादेव सट्टा मामले में फरार आरोपित अनिल अग्रवाल और विशाल आहुजा के खिलाफ भी ईडी ने कार्रवाई तेज कर दी है। रायपुर की विशेष अदालत ने दोनों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। वहीं, ईडी ने उन्हें भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित कराने के लिए अदालत में आवेदन दिया है। विशाल आहुजा के भाई धीरज आहुजा ने अग्रिम जमानत के लिए अदालत में याचिका दायर की है।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)