- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- चक्रवात अकवान का छत्तीसगढ़ में असर, बारिश से बढ़ी ठंड, किसानों की बढ़ी चिंता
चक्रवात अकवान का छत्तीसगढ़ में असर, बारिश से बढ़ी ठंड, किसानों की बढ़ी चिंता

CG NEWS : चक्रवात अकवान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। गुरुवार रात से प्रदेश के कई जिलों में बूंदाबांदी और बारिश का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को भी कई इलाकों में बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और ठंड बढ़ गई। मौसम के इस बदलाव ने जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी है, वहीं खेतों में तैयार धान की फसल को लेकर किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
कोरबा में बारिश का असर, पहले जारी हुआ था ऑरेंज अलर्ट
कोरबा जिले में चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए मौसम विभाग ने पहले ही ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। इसके बाद संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए थे। जिले के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों धान की कटाई और मिंजाई का काम तेजी से चल रहा है। कई किसानों की कटी हुई फसल अभी खेतों में पड़ी है, जबकि कुछ किसानों ने धान को खलिहानों तक पहुंचा दिया है।
लगातार बारिश होने से कटी हुई फसल के भीगने और धान में नमी बढ़ने का खतरा है। इससे उसकी गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। वहीं खेतों में खड़ी फसल तेज हवाओं के कारण गिर सकती है, जिससे किसानों को नुकसान होने की आशंका है।
धान खरीदी केंद्रों में भी बढ़ी परेशानी
प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो चुकी है। ऐसे में खरीदी केंद्रों में भी बारिश के कारण धान को सुरक्षित रखने की चुनौती बढ़ गई है। कई केंद्रों में धान की बोरियां खुले परिसर में रखी जाती हैं। यदि समय पर तिरपाल, सुरक्षित भंडारण और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो बारिश से धान खराब होने का खतरा बना रहेगा।

जीपीएम में बदला मौसम, सुबह छाया कोहरा
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में भी मौसम का मिजाज बदल गया है। शनिवार सुबह जिले के कई इलाकों में आसमान में बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा भी देखने को मिला। लगातार बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है। इससे सुबह और शाम ठंड का एहसास बढ़ने लगा है।
बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता
जीपीएम जिले में भी इन दिनों धान की कटाई, मिंजाई और फसल को सुरक्षित रखने का काम चल रहा है। ऐसे में लगातार बारिश से खेतों और खलिहानों में रखी धान की फसल प्रभावित होने की आशंका है। किसान अपनी मेहनत की फसल को बचाने के लिए तिरपाल और अन्य इंतजाम करने में जुटे हैं।
बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। किसानों को डर है कि यदि बारिश का सिलसिला आगे भी जारी रहा तो धान की गुणवत्ता खराब हो सकती है और समर्थन मूल्य पर बिक्री के दौरान भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)