- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- ठेकेदारों के लिए जरूरी खबर; 1 दिसंबर से सभी विभागों में अनिवार्य होगी ये नई व्यवस्था
ठेकेदारों के लिए जरूरी खबर; 1 दिसंबर से सभी विभागों में अनिवार्य होगी ये नई व्यवस्था

Chhattisgarh PWD GePNIC e-tendering portal: छत्तीसगढ़ में सरकारी टेंडर जारी करने और उनमें बोली लगाने की व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। 1 दिसंबर 2026 से प्रदेश के सभी सरकारी विभागों के लिए GePNIC (Government e-Procurement System of National Informatics Centre) पोर्टल के माध्यम से निविदा प्रक्रिया संचालित करना अनिवार्य होगा। अभी तक यह व्यवस्था लोक निर्माण विभाग (PWD) में लागू की गई थी।
अब इसे सभी विभागों तक विस्तार देने की तैयारी है। नई प्रणाली में टेंडर तैयार करने, प्रकाशित करने, ऑनलाइन बिड प्राप्त करने और तकनीकी व वित्तीय मूल्यांकन तक की प्रक्रिया एक ही पोर्टल पर पूरी होगी। इसका सीधा असर सरकारी ठेकों में हिस्सा लेने वाले ठेकेदारों और कंपनियों पर पड़ेगा। बता दें कि इससे पहले तक जेम पोर्टल के जरिए सारी प्रक्रिया की जाती थी।
PWD में पहले ही लागू हो चुकी है नई व्यवस्था
छत्तीसगढ़ लोक निर्माण विभाग ने ई-टेंडरिंग सिस्टम में बदलाव करते हुए 1 अक्टूबर 2026 से सभी नई निविदाओं को GePNIC पोर्टल पर जारी करना शुरू किया था। इसके लिए विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ वीके भटपहरी ने अधिकारियों, कर्मचारियों और कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को पत्र भेजकर जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए थे। विभाग ने ठेकेदारों के लिए नए पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया था। साथ ही उन्हें नई व्यवस्था के इस्तेमाल की जानकारी देने के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की गई थी। अब इसी व्यवस्था को 1 दिसंबर से प्रदेश के सभी विभागों में लागू करने की तैयारी है।
टेंडर से लेकर बिड के मूल्यांकन तक ऑनलाइन होगा काम
नई व्यवस्था का उद्देश्य सरकारी निविदाओं की पूरी प्रक्रिया को एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाना है। इसके तहत केवल टेंडर का प्रकाशन ही ऑनलाइन नहीं होगा, बल्कि उसके पीछे की पूरी प्रक्रिया भी GePNIC के जरिए संचालित की जाएगी।
- टेंडर तैयार करना और जारी करना।
- निविदा दस्तावेज ऑनलाइन उपलब्ध कराना।
- ठेकेदारों से ऑनलाइन बिड प्राप्त करना।
- तकनीकी बोली का मूल्यांकन।
- वित्तीय बोली की जांच और मूल्यांकन।
- निविदा से जुड़ी आगे की ऑनलाइन कार्यवाही।
ठेकेदारों को नए पोर्टल पर कराना होगा रजिस्ट्रेशन
नई व्यवस्था लागू होने के बाद सरकारी टेंडर में हिस्सा लेने वाले ठेकेदारों के लिए GePNIC पर पंजीकरण जरूरी होगा। जिन ठेकेदारों ने अभी तक नए पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, उन्हें समय रहते यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी। PWD में लागू व्यवस्था के दौरान भी ठेकेदारों को नामांकन (Enrollment) कराने के निर्देश दिए गए थे। डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (DSC) और दूसरी तकनीकी औपचारिकताएं पूरी करने पर जोर दिया गया था। सभी विभागों में व्यवस्था लागू होने के बाद अलग-अलग विभागों के टेंडर में हिस्सा लेने वाले ठेकेदारों को नए पोर्टल की प्रक्रिया के अनुसार काम करना होगा।
नई ई-टेंडरिंग व्यवस्था सिर्फ ठेकेदारों के लिए बदलाव नहीं है। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को भी इसके लिए तकनीकी रूप से तैयार रहना होगा। PWD में पहले ही निविदा आमंत्रित करने वाले अधिकारियों, तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन समितियों के सदस्यों तथा संबंधित कर्मचारियों को यूजर आईडी बनाने, रोल मैपिंग और डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए गए थे। सभी विभागों में व्यवस्था लागू होने के साथ इस तरह की तैयारियां भी महत्वपूर्ण होंगी।
पुराने पोर्टल पर चल रहे टेंडरों का क्या होगा?
PWD की ओर से पहले जारी निर्देशों के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 तक पुराने ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर प्रकाशित निविदाओं की बोली प्राप्त करने, मूल्यांकन, मंजूरी और अन्य लंबित प्रक्रियाएं 31 मार्च 2027 तक पुराने पोर्टल पर ही पूरी की जानी हैं। हालांकि, यह समय-सीमा PWD की पुरानी निविदाओं के लिए जारी व्यवस्था से संबंधित है। दूसरे विभागों के पुराने टेंडरों पर क्या प्रक्रिया लागू होगी, इसकी विभागवार स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है।
क्या है GePNIC पोर्टल?
GePNIC यानी Government e-Procurement System को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) ने विकसित किया है। यह केंद्र सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत काम करता है। इस पोर्टल का इस्तेमाल सरकारी विभागों और संस्थाओं की निविदा प्रक्रिया के लिए किया जाता है। इसके माध्यम से वस्तुओं, सेवाओं और निर्माण कार्यों से जुड़ी निविदाएं ऑनलाइन संचालित की जा सकती हैं। छत्तीसगढ़ का आधिकारिक ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल भी इसी व्यवस्था पर काम करता है।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)