- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ में करते थे सप्लाई, दो सगे भाइयों समेत 4 गिरफ्तार
ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ में करते थे सप्लाई, दो सगे भाइयों समेत 4 गिरफ्तार

CG News : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ में खपाते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 138.551 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई की शुरुआत 21 नवंबर को हुई, जब सनौद थाना पुलिस ने अरकार गांव से भीषम सतनामी को गिरफ्तार किया। उसके पास से 1.995 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने कामता प्रसाद कोसरे से गांजा खरीदने की बात बताई, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान कामता ने ग्राम खप्परवाड़ा निवासी दो सगे भाइयों ओमप्रकाश पटेल और कुलेश्वर पटेल के नाम बताए। दोनों भाई करीब एक साल से गांजा सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने इसके बाद उनके घर पर दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि दोनों भाई ओडिशा के बालीगुड़ा क्षेत्र से 10 से 20 किलो गांजा खरीदकर लाते थे और घर में छिपाकर रखते थे। पुलिस ने उनके घर की तलाशी ली तो लोहे की पेटी और दीवान में छिपाकर रखे 134 पैकेट मिले, जिनमें 136.56 किलोग्राम गांजा था। इसकी कीमत करीब 68.27 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने पूरी कार्रवाई में 138.551 किलोग्राम गांजा के अलावा तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन, मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और 13 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
chhattisgarhaaspaas
विज्ञापन (Advertisement)